टनकपुर (चंपावत)। हाथियों ने सोमवार रात ककरालीगेट गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी स्कूल की चहारदीवारी, हाइवे की डिवाइडर रैलिंग क्षतिग्रस्त करने के साथ ही बैथनी जीवन धारा संस्थान की चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त दिया और वहां लगे फलदार पेड़ों का तहस-नहस कर दिया। रात करीब एक बजे वन विभाग की टीम ने बमुश्किल हाथियों को जंगल की ओर भगाया। इधर, गांव के अंदर तक हाथियों के घुसने से ग्रामीणों में दहशत पैैदा हो गई है।
हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज एवं चंपावत वन प्रभाग के बूम रेंज के जंगलों में घूम रहा हाथियों का झुंड जंगल से लगे गांवों में घुसकर फसल एवं संपत्ति को खासा नुकसान पहुंचा रहा है। पिछले तीन दिन तक गैंड़ाखाली गांव में लगातार उत्पात मचाने के बाद हाथी सोमवार रात ककरालीगेट गांव में घुसे और जमकर उत्पात मचाया। जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, पूर्व प्रधान कमला चंद, लक्ष्मण सिंह पाटनी, राम सिंह, प्रकाश चंद आदि ने हाथियों से सुरक्षा को शीघ्र कारगर कदम उठाने का आग्रह किया है।