चंपावत। जिला मुख्यालय में खड़ी होली गायन के साथ ही बैठकी होली का गायन भी चरम पर पहुंचता जा रहा है। कलश संस्था की ओर से बुधवार की रात्रि प्रकाश पांडेय के आवास में बैठकी होली का आयोजन किया गया। जिसमें देर रात्रि तक होली के रसिक विभिन्न राग और फाग की मस्ती में झूमते रहे। बैठकी होली का शुभारंभ डा.विनोद पाठक ने राग काफी में सबको मुबारक होली फागुन ऋतु अलबेली से किया।
उसके बाद दिनेश चंद्र बिष्ट ने राग कल्याण में बंशी नागन सो कहा विधि से नया जायका उड़ेल दिया। इसके बाद प्रकाश चंद्र पांडेय ने राग काफी में ये कैसी होली खिलाई, संजय जोशी ने कैसी बंशिया बजाई घनश्याम और भानु पांडेय, जीवन पांडेय, तुलसी दत्त जोशी, शांति जोशी, डॉ.हेमलता पाठक, पूरन चंद्र पांडेय, मनोरमा पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, हेमा पांडेय, हरीश चंद्र पांडेय, सुरेश चंद्र पाटनी, अनीता पांडेय, मानसी जोशी आदि ने भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी।