टनकपुर (चंपावत)।
यहां चल रहे प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र से प्रशिक्षकों को निकाले जाने पर शनिवार को केंद्र में खासा विवाद हुआ। प्रशिक्षकों ने केंद्र संचालक पर बेवजह निकालने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रविवार को केंद्र के संचालकों कोतवाली में तलब किया है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत यहां बेरोजगार युवक-युवतियों को सिलाई, कढ़ाई, टीवी, एलईडी एवं मोबाइल फोन मरम्मत, सीसी टीवी ट्रांसलेशन ट्रेडों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए केंद्र संचालक संस्था ने प्रशिक्षकों को नियुक्त किया है। बताया गया कि इस बीच केंद्र के कोऑर्डिनेटर दिनेश प्रजापति द्वारा चार प्रशिक्षकों को सेवा ने निकाल दिया गया। जिससे कोऑर्डिनेटर और निकाले गए प्रशिक्षकों के बीच विवाद पैदा हो गया। विवाद को लेकर केंद्र में हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कोऑर्डिनेटर को दस्तावेजों के साथ कोतवाली तलब किया है। हटाए गए प्रशिक्षक नाहिद परवीन, नेहा सक्सेना, राकेश कुमार प्रजापति, राहुल पांडेय का कहना है कि उन्हें सेवा से हटाने से पहले कारण बताते हुए नोटिस दिया जाना चाहिए था, लेकिन केंद्र संचालक द्वारा ऐसा नहीं किया गया।