चंपावत। टनकपुर से पिथौरागढ़ तक बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान मलबा खाई में फेंकने पर एसडीएम सदर ने दो जेसीबी और एक डंपर को सीज किया है। साथ ही संबंधित कार्यदायी एजेंसी को नोटिस भेजा है। नियमों का उल्लंघन करने पर एक भंडारण क्षेत्र को सीज किया गया है। इसके अलावा ओवरलोडिंग करने पर चार वाहनों का चालान किया गया है।
बुधवार को एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने चल्थी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने बताया कि बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान धौन के पास मलबा डंपिंग जोन के बजाय सीधे खाई में गिराया जा रहा था। जिससे बहुमूल्य वनस्पति को नुकसान पहुंच रहा था। इस पर एसडीएम ने कार्यदायी एजेंसी शिवालया कंस्ट्रक्शन की दो जेसीबी और एक डंपर को सीज कर दिया। इसके अलावा मलबा खाई में फेंकने पर शिवालया एजेंसी को नोटिस भी भेजा गया है।
एसडीएम ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर चल्थी के पास रूप सिंह के भंडारण क्षेत्र को भी सीज किया गया है। उन्होंने बताया कि भंडारण क्षेत्र के लिए निर्धारित जमीन के अलावा उससे लगी वन पंचायत की जमीन से पत्थर निकाले जा रहे थे। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि ओवर लोडिंग करने पर दो मैक्स वाहन और दो कैंटर का चालान भी किया गया है।