चंपावत। टनकपुर संयुक्त अस्पताल में सात माह के शिशु की मौत के मामले में मजिस्ट्रेटी जांच मंगलवार से शुरू होगी। अस्पताल की लापरवाही से बच्चे की मौत के आरोप के बाद चंपावत के जिला मजिस्ट्रेट डॉ.अहमद इकबाल ने 28 सितंबर को मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए थे। लेकिन तीन दिन बीतने के बावजूद अभी जांच शुरू नहीं हुई है। अलबत्ता अब जांच मंगलवार से शुरू करने की बात कही जा रही है।
टनकपुर के लाल इमली पड़ाव निवासी इरशाद अहमद के सात माह के बच्चे को सांस लेने में दिक्कत होने पर 22 सितंबर को संयुक्त अस्पताल में भर्ती किया गया था। 24 सितंबर को इलाज के दौरान अस्पताल में बच्चे ने दम तोड़ दिया था। मृत बच्चे के पिता इरशाद ने आरोप लगाया था कि बिजली गुल होने पर अस्पताल ने जनरेटर नहीं चलाया। जनरेटर चलाने के लिए डीजल के लिए रकम की मांग की। जनरेटर नहीं चलने से बच्चे को ऑक्सीजन नहीं मिल सकी और उसकी मौत हो गई।
डीएम ने 28 सितंबर को मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश देते हुए जांच को सात दिन के भीतर पूरा करने के आदेश दिए थे। इसके लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एमएस बोहरा और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रश्मि पंत का तीन सदस्यीय जांच दल बनाया गया था। सीएमओ का कहना है कि जांच दल 3 अक्तूबर को टनकपुर जाकर जांच शुरू करेगा। जांच में मृत बच्चे के पिता के बयान के अलावा अस्पताल प्रशासन से पूछताछ व तमाम अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।