बनबसा (चंपावत)।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपी सिंचाई विभाग के शारदा हेडवर्क्स कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने यूपी पर परिसंपत्तियों के बटवारे में उत्तराखंड का हक छीने जाने का आरोप लगाया। राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर उत्तराखंड को उसका हक दिलाने और परिसंपत्तियों का न्यायोचित बंटवारा करने की मांग उठाई। उन्होंने शीघ्र उत्तराखंड पक्ष में फैसला न किए जाने पर इसे मुद्दा बनाकर राज्यव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी दी।
विगत दिनों यूपी ,उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों के बटवारे में उत्तराखंड को केवल 25 प्रतिशत संपत्तियां देने, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में संपत्ति नहीं देने से बौखलाए कांग्रेसियों ने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को केंद्र और दोनों राज्यों की भाजपा सरकारों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने केंद्र, यूपी और उत्तराखंड की ट्रिपल इंजन सरकार पर बटवारे में उत्तराखंड वासियों का हक छीनने का आरोप लगाया।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष राजेश पांडेय के माध्यम से राष्ट्रपति ज्ञापन भेजा। उन्होंने राष्ट्रपति से यूपी और केंद्र सरकार को उत्तराखंड का हक दिलाने के लिए परिसंपत्तियों का न्यायोचित बटवारा करने के निर्देश देने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में मंडी समिति अध्यक्ष हरीश भट्ट, उपाध्यक्ष जसवंत सिंह बसेड़ा, फिरोज खान, महेश चंद, रमेश चंद, कपिल भार्गव, युजिन जार्ज, गिरधारी लाल, अनिल चौधरी, मदन सिंह, देवेंद्र सिंह, भूपेंद्र चंद आदि मौजूद थे।