चंपावत। राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए इन दिनों सर्वे चल रहा है। चौड़ीकरण के दौरान आने वाले मकानों और फलदार पेड़ों का सर्वे किया जा रहा है। चंपावत जिले के तहत होने वाले सर्वे के काम को दस जुलाई तक पूरा करना है। जिसके बाद इस्टीमेट बना कर भारत सरकार को भेजा जाएगा।
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग टू लेन बनना है। जिसके लिए सड़क का चौड़ीकरण कार्य किया जाना है। एनएच के जूनियर इंजीनियर बीसी जोशी ने बताया कि टू लेन सड़क 12 मीटर चौड़ी होगी। जिसमें साढ़े दस मीटर में डामरीकरण किया जाएगा। चंपावत जिले में बेलखेत से घाट तक एनएच के दोनों तरफ आने वाले मकान और फलदार पेड़ों का सर्वे किया जा रहा है। बीते 30 जून से शुरू हुआ ये सर्वे 10 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाना है।
राजस्व विभाग और एनएच की संयुक्त सर्वे टीम सोमवार को राकड़ीफुुलारा पहुंची। जिसके बाद टीम ने छतार से खूना तक सर्वे पूरा किया। राकड़ी फुलारा से मोटर स्टेशन, मल्ली मादली, तल्ली मादली और छतार तक सर्वे फिलहाल नहीं किया गया। सर्वे में राजस्व विभाग के कानूनगो हरीश जोशी, राजस्व उप निरीक्षक जगदीश गिरी, शंकर वर्मा, सुंदर नेगी मौजूद थे।