लोहाघाट उप जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए बारी का इंतजार करती महिलाएं।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। उपजिला अस्पताल लोहाघाट में दूसरे चरण में 90 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों में खासा उत्साह रहा।
जोनल मजिस्ट्रेट आरसी गौतम, सेक्टर मजिस्ट्रेट एमसी पलड़िया के निर्देशन और चिकित्साधीक्षक डॉ. जुनैद कमर के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को पहला टीका अस्पताल के लिपिक एलडी जोशी, दूसरा पीएस पांगती, तीसरा टीका डॉ. केके पुनेठा को लगाया गया। डॉ. जुनैद ने बताया कि दूसरे चरण में 147 लोगों में से 90 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 10 बीमार, गर्भवती, धात्री महिलाओं को टीका नहीं लगाया गया। 47 लोग टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचे। डॉ. जुनैद ने बताया कि तीसरा चरण 22 जनवरी, चौथा चरण में 25 जनवरी को टीकाकरण किया जाएगा। एएनएम विमला कोहली, फार्मासिस्ट मनोज कुमार, बीएम डंगवाल ने टीकाकरण में सहयोग किया।
पाटी पीएचसी में पहुंची वैक्सीन
पाटी (चंपावत)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में शुक्रवार से कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आभाष सिंह ने बताया कि पीएचसी में बृहस्पतिवार को 42 वाइल वैक्सीन पहुंच चुकी हैं। पाटी में 22, 25, 28, 29 जनवरी को टीकाकरण होगा। (संवाद)