जीजीआईसी में राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के सहयोग से हुई जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के परिणाम घोषित हो गए। नौ बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चयन हुआ। चयनित बाल वैज्ञानिक 29 व 30 नवंबर को उत्तरकाशी में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन में शिरकत करेंगे। जिला समन्वयक डॉ. सुनील पांडेय, नरेश जोशी ने परिणामों की घोषणा की। पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो.केकेएस नेगी और प्रधानाचार्या मीना शुक्ला ने बाल वैज्ञानिकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को पुरस्कृत किया।
सीनियर वर्ग में राज्य स्तरीय आयोजन के लिए चयनित जीआईसी बर्दाखान के संजय जोशी ने नदेडा क्षेत्र में आपदा प्रबंधन का अध्ययन विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। इसी प्रकार जीआईसी खेतीखान के मयंक बोहरा ने खेतीखान क्षेत्र के पारंपरिक घरों की आवश्यकता का अध्ययन, सेंट फ्रांसिस स्कूल टनकपुर के अविनाश ज्याला ने टनकपुर क्षेत्र में प्राकृतिक एवं संसाधरणीय विकास का अध्ययन, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चंपावत के रोहित चंद्र जोशी ने कनलगांव क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु स्वच्छता का अध्ययन विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किए थे।
जूनियर वर्ग में होली विजडम स्कूल मानेश्वर की स्तुति देउपा ने लोहाघाट क्षेत्र में लोहारी के गिरते स्तर, जीआईसी पाटी की पूजा गोस्वामी ने पाटी में प्रयुक्त विद्युत ऊर्जा का अध्ययन, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलेठी के नीरज बोहरा ने कुलेठी गांव में बदलती जीवन पद्धतियों में भोजन आदतों का अध्ययन, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छीनीगोठ की अंशिका बिष्ट ने टनकपुर क्षेत्र में बीमारियों के निदान के लिए परंपरागत पद्धतियों का अध्ययन, जीआईसी पुलहिंडोला के त्रिभुवन जोशी ने पुलहिंडोला क्षेत्र में खाद्य एवं कृषि पद्धतियों के अध्ययन विषय पर पेश शोधपत्र चयनित किए गए।