जिले के मुख्य तहसील दिवस में जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने विभागाध्यक्षों को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान करने के निर्देश।
डीएम के समक्ष 89 समस्याएं दर्ज हुई और कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील दिवस में उपस्थित न होने पर लघु सिंचाई के जेई केएस कन्याल को स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा नलकूप और सिंचाई विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए दोनों विभागों के अधिकारियों को स्प्ष्टीकरण देने को भी कहा।
तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में मुख्य रूप से नलकूप, राशन कार्ड, सड़क, बिजली, शिक्षा, समाज कल्याण और नगर पालिका से जुड़ी समस्याएं दर्ज हुईं। डीएम ने गत तहसील दिवस में दर्ज हुई समस्याओं पर कार्रवाई न होने पर संबंधित विभागों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा कार्ड से वंचित परिवारों के शीघ्र स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाने को कहा गया। शहर के गंदे पानी की निकासी ज्ञानखेड़ा ग्रामसभा में किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने नगर पालिका के ईओ व जेई को ग्रामीणों के सुझाव पर जल्द उचित कार्रवाई की हिदायत दी है।
बाल विभाग विभाग को डांडा, ककनई, बुडहम क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं का सर्वे कर उन्हें उचित सुविधा और नंदा देवी कन्याधन योजना का पात्रों को लाभ देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम नरेश दुर्गापाल, परियोजना निदेशक हरगोविंद भट्ट, सीएमओ विनोद टोलिया, बीडीओ शिल्पी पंत, सीविओ पीएस भंडारी, सीएओ आरएस चंद्रवाल, डीएचओ एचसी तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेंद्र सिंह धामी, जिला पर्यटन अधिकारी आरएस ऐरी, जिला पूर्ति अधिकारी श्याम लाल आर्य आदि अधिकारी मौजूद थे।
ढाई घंटे देर से शुरू हुआ तहसील दिवस
टनकपुर (चंपावत)। जिले का मुख्य तहसील दिवस तय समय से करीब ढाई घंटे देरी से शुरू हुआ। एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने बताया कि जिला पंचायत द्वारा वाहनों पर लगाए प्रवेश शुल्क के विरोध में बनबसा में चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन के कारण तहसील दिवस शुरू करने में देरी हुई।