शहीद की पत्नी मंदोदरी चिलकोटी।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो
चंपावत। कोरोना वायरस को पछाड़ने के लिए समाज का हर वर्ग आगे आ रहा है। देश की खातिर सरहद में सर्वोच्च बलिदान करने वाले चंपावत के फौजी शिरोमणि चिलकोटी की पत्नी मंदोदरी चिलकोटी (85) ने 51 हजार रुपये का दान किया है। अपनी पेंशन से उन्होंने यह रकम रेडक्रास सोसायटी को भेंट की है। 1965 में पाकिस्तान के खिलाफ हुई जंग में शिरोमणि चिलकोटी शहीद हो गए थे। उनकी धर्मपत्नी ने दान की परंपरा को आगे बढ़ाया है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने इस बुजुर्ग वीरांगना के जज्बे को सलाम किया है। श्रीमती चिलकोटी का कहना है देश और दुनिया पर आए इस महासंकट में सरकार के साथ ही सामाजिक संगठनों और हर व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के हिसाब से मदद को आगे आना चाहिए। बता दें कि इससे पूर्व भी उन्होंने अपनी पेंशन से 12 लाख रुपये में डेढ़ नाली जमीन पर शहीद पति शिरोमणि चिलकोटी के नाम से पार्क का निर्माण कराया था।