टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने शहर में बाइक रैली निकालकर लोगों को डबल हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया। एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल के निर्देश पर सीओ आरएस रौतेला एवं कोतवाल अरुण कुमार के नेतृत्व में डबल सवारी हेलमेट पहनकर कोतवाली से निकाली गई बाइक रैली समूचे शहर में घूमी।
रैली में शामिल पुलिस, पीएसी, अग्निशमन विभाग, अभिसूचना इकाई के अधिकारियों एवं जवानों के अलावा नागरिकों ने बाइक पर दोनों सवारियों से डबल हेलमेट पहनने का अनुरोध किया। जगह-जगह रैली रोककर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई।