चंपावत। पीजी कालेज की पांच सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही।
शनिवार को आमरण पर बैठे एक छात्रनेता की सेहत में गिरावट दर्ज होने से आंदोलनकारी छात्रों और प्रशासन में खलबली मच गई। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी के निर्देश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्रों का मेडिकल परीक्षण करने के बाद एक छात्र को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विद्यार्थी परिषद के छात्रों की ओर से बीते एक सप्ताह से कलक्ट्रेट में आंदोलन किया जा रहा है। मांगे पूरी नहीं होने पर तीन दिन पूर्व विद्यार्थी परिषद के जिला सह संयोजक हरीश जोशी, पीयूष जोशी और आदर्श भट्ट कलक्ट्रेट में आमरण अनशन पर बैठ गए थे। शनिवार दोपहर बाद अनशनकारी छात्र नेता पीयूष जोशी की तबीयत खराब होने लगी। इसकी सूचना छात्रों ने सीएमओ को दी। डॉ. उदयशंकर ने अनशनकारियों का मेडिकल परीक्षण किया।
डॉ.उदयशंकर के अनुसार पीयूष डिहाइड्रेशन का शिकार हो गया है। इसके बाद वह आगे आमरण अनशन पर बैठा रहा तो उसे काफी खतरा पैदा हो सकता है। इसके बाद पीयूष को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है। आमरण अनशन स्थल पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव पांडेय, विकास गिरि, रितिक भंडारी, मुकेश जोशी, शंकर जोशी, पूरन बिष्ट, धीरज चौड़ाकोटी, प्रेम बल्लभ, अजय चौधरी, कैलाश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।