टनकपुर (चंपावत)। शहर के फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका व तहसील प्रशासन द्वारा सोमवार को अभियान शुरू करने के कुछ ही देर बाद एक व्यापारी को दिल का दौरा पड़ने से प्रशासन के हाथ - पांव फुल गए। घटना के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बंद कर दी। उपचार के बाद व्यापारी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शहर के आंतरिक मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त करने को तीन माह पूर्व नगर पालिका व स्थानीय प्रशासन ने शहर में फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया था। इसके लिए फुटपाथ पर पीली पट्टी लगाकर प्रशासन ने व्यापारियों को पहले ही अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन अतिक्रमण के हाल जस के तस होने की स्थिति में सोमवार को एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर नगर पालिका व तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने के कुछ ही देर बाद कार्रवाई का विरोध कर रहे कास्मेटिक दुकान चलाने वाले व्यापारी शकील पुत्र मो. सिद्दकी को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। उसके गश खाकर गिरते ही अधिकारियों ने हड़कंप मच गया।
तहसीलदार पूनम पंत के निर्देश पर पुलिस फोर्स ने फौरन व्यापारी को संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पता चलते ही एसडीएम गर्ब्याल व सीओ आरएस रौतेला ने अस्पताल पहुंचकर व्यापारी का हाल-चाल जाना।
-व्यापारियों ने पालिका कर्मियों के साथ की धक्का-मुक्की
टनकपुर। व्यापारी को दिल का दौरा पड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अतिक्रमण का विरोध कर रहे आक्रोशित व्यापारियों ने हंगामा कर अतिक्रमण हटा रहे पालिका के कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की।
व्यापारी नेताओं के रवैये पर प्रशासन ने जताई हैरानी
टनकपुर। पालिका व तहसील प्रशासन ने व्यापार मंडल पर असहयोग करने का आरोप लगाया है। ईओ जयवीर सिंह राठी ने कहा कि व्यापार मंडल की सहमति के बाद ही फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, लेकिन आज व्यापार मंडल के पदाधिकारी ही इसके विरोध में खड़े हो गए। इधर तहसीलदार पूनम पंत ने भी व्यापारी नेताओं के रवैये पर हैरानी जताई है।