पाटी (चंपावत)।
उच्चीकृत होने के बाद चार साल पहले पाटी उप डाकघर को नया पिन कोड मिला, लेकिन यह पिन कोड काम नहीं कर रहा। ऑनलाइन पड़ताल में इस डाकघर का पिन कोड पुराना ही है। नए पिन कोड के काम न करने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। देहरादून, दिल्ली सहित अन्य जगहों से स्पीड पोस्ट से भी डाक के पहुंचने में एक सप्ताह ज्यादा लग जा रहा है।
तहसील व ब्लाक मुख्यालय वाले पाटी में पांच साल पूर्व तक सिर्फ शाखा डाकघर था। 2014 में इसे उच्चीकृत कर उप डाकघर का दर्जा दिया गया। उप डाकघर बनने के बाद यहां का पिन कोड तो 262580 से बदलकर 262561 कर दिया गया। पिथौरागढ़ जिले के नाकोट शाखा डाकघर के बंद होने से इस पिन नंबर को पाटी उप डाकघर को आवंटित किया गया। लेकिन यह नया पिन कोड इंटरनेट में नजर नहीं आता है। नेट में अभी भी पाटी का पुराना पिन 262580 ही दर्शाया गया है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के ऑनलाइन फार्म भरने पर भी ऑनलान नया पिनकोड नहीं आता है।
प्रवीण पाटनी, चंद्रा लडवाल, चंद्रमोहन, विवेक बिष्ट आदि का कहना है कि पाटी के उप डाकघर के नए पिन नंबर के काम नहीं करने से स्पीड पोस्ट और अन्य डाक सेवाओं के यहां पहुंचने में काफी अधिक समय लग रहा है। साथ ही यहां आने वाले कॉल लैटर भी कई बार परीक्षा तिथि निकलने के बाद पहुंच रहे हैं। पिन कोड की विसंगति के चलते यहां आने वाली डाक पहले नाकोट पहुंच जाती है। फिर इस डाक को वहां से रिडायरेक्ट कर पाटी भेजा जाता है। इसमें करीब एक सप्ताह का समय लग रहा है। इसके अलावा पाटी में स्टाफ की भी भारी कमी है। पोस्टमास्टर यशोदा नंदन कापड़ी का कहना है कि डाकघर में पोस्टमैन व पैकर के पद लंबे समय से रिक्त हैं। अलबत्ता इन पदों को आउटसोर्स से तीन माह के लिए रखा जाता है।
सीबीएस भी नहीं पाटी उप डाकघर
जिले के पर्वतीय क्षेत्र में चंपावत के प्रधान डाकघर के अलावा सात उप डाकघर (लोहाघाट, बाराकोट, पाटी, खेतीखान, चंपावत कलक्ट्रेट व एबटमाउंट) हैं। इनमें से पाटी और एबटमाउंट को छोड़ शेष छह डाकघरों में कोर बैंकिंग सोल्यूशन (सीबीएस) सीबीएस से जुड़ चुके हैं। पाटी और एबटमाउंट उप डाकघर में सीबीएस नहीं होने से यहां के उपभोक्ताओं को डाक विभाग की दूसरी शाखाओं से लेनदेन करने की सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।
कोट
पाटी शाखा डाकघर को उप डाकघर में उच्चीकृत करते वक्त यहां का पिन कोड बदला गया था। मगर नया पिन नेट से कनेक्ट नहीं हो पाया। इस तकनीकी खामी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सभी उप डाकघरों को सीबीएस करने का प्रयास किया जा रहा है। पाटी में कमजोर मोबाइल नेटवर्किंग की वजह से सीबीएस नहीं हो पा रहा है। इस दिशा में आगे प्रयास किया जाएगा।
जीसी भट्ट, डाक अधीक्षक, पिथौरागढ़।