लोहाघाट (चंपावत)।
राजकीय शिक्षक संघ ने कोटिकरण में विसंगति के खिलाफ मोर्चा खोला है। रविवार को संघ के जिलाध्यक्ष पान सिंह मेहता की अध्यक्षता और जिला मंत्री जगदीश अधिकारी के संचालन में हुई बैठक में शिक्षकों ने कोटिकरण में हुई विसंगतियों का एकजुट होकर विरोध करने का ऐलान किया।
बैठक में शिक्षकों ने कोटिकरण की विसंगतियों में सुधार के साथ स्थानांतरण, कोटिकरण के लिए चार की अपेक्षा मात्र दो (सुगम व दुर्गम) श्रेणियां बनाने को गलत बताया। उन्होंने डायट और राजीव नवोदय विद्यालयों के लिए अलग संवर्ग बनाने, कोटिकरण की पूर्व की सेवाओं का लाभ, मानकों में परिवर्तन, किसी भी दशा में स्थानांतरण सत्र शून्य न करने की मांग की। बैठक में शिक्षकों ने चयन प्रोन्नत वेतनमान में मुख्य शिक्षाधिकारी की ओर से मांगे गए शपथ पत्र का विरोध किया। उन्होंने परिषदीय परीक्षा में अवकाश के दिनों में किए गए कार्यों के बदले पूर्व की तरह प्रतिकर अवकाश को मंजूरी देने की मांग की। इस मौके पर जिला संयुक्त मंत्री अर्जुन सिंह, जिला संरक्षक नरेश चंद्र राय, राजेंद्र गड़कोटी, सुनील पांडेय, बाराकोट ब्लाक के अध्यक्ष आशीष ओली, मंत्री प्रकाश उपाध्याय, लोहाघाट के ब्लाक अध्यक्ष दीपक अधिकारी, मंत्री दीपक भट्ट, पाटी के ब्लाक अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, मंत्री दीपक भट्ट आदि मौजूद रहे।