टनकपुर (चंपावत)। नेताजी सुभाष लोक सेवा समिति एवं हरित सेवा समिति ने विचई गांव में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन 23 जनवरी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. पूर्णानंद जोशी की प्रतिमा का अनावरण करने का निर्णय लिया है। प्रतिमा का अनावरण कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट करेंगे। कुमाऊं आयुक्त भट्ट ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।
मंगलवार को स्व. जोशी के पुत्र मोहन चंद्र जोशी के आवास पर हुई क्षेत्र के बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों की बैठक में तय हुआ कि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के साथ ही आजादी के नायक नेताजी सुभाष चंद्र का जन्मदिन भी मनाया जाएगा।
इस मौके पर यज्ञ, हवन, ध्वजारोहण एवं स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। वहीं क्षेत्र की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
दिनेश चंद्र शास्त्री की अध्यक्षता एवं उजैर अहमद अंसारी के संचालन में हुई बैठक में हरीश चंद्र जोशी, मोहन जोशी, भुवन गड़कोटी, हरीश भट्ट, जसवंत सिंह बब्बू, गणेश जोशी, कैलाश भट्ट, ओमप्रकाश सक्सेना आदि मौजूद थे।