टनकपुर (चंपावत)। हाइवे किनारे स्थित विचई गांव के लोगों ने एनएच के ठेकेदार पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान कालोनी के रास्ते पर डाली गई बीस ट्रक मिट्टी को ले जाने का आरोप लगाया है। साथ ही रास्ते पर मिट्टी का भरान कराने की मांग की है। उन्होंने बृहस्पतिवार को एसडीएम अनिल चन्याल को ज्ञापन सौंपा कार्रवाई का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि विचई में मनिहारगोठ तिराहे के पास मदन चंद ने अपने मकान और कालोनी को जाने वाले रास्ते पर करीब बीस ट्रक मिट्टी डालकर रास्ता बनाया था, लेकिन एनएच ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा नाली निर्माण कार्य की आड़ में रास्ते की मिट्टी को उठाकर अन्यत्र उपयोग करने से एनएच किनारे रास्ते के मुहाने पर गड्ढा बन गया है। इससे कालोनी के आधा दर्जन परिवारों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, मदन मोहन भट्ट, ऋषिपाल सिंह, महेश पांडेय, रविशंकर पांडेय आदि शामिल थे।