बिजली चोरी के दो आरोपियों से उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने अर्थ दंड वसूला है। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि चोरी के दोनों आरोपियों से 79 हजार रुपये से अधिक वसूला गया। उप खंड अभियंता विकास भारती और कनिष्ठ अभियंता आरसी पंत के नेतृत्व में विभागीय टीम ने 13 नवंबर को सूखीढांग और सिन्याड़ी में बिजली चोरी के दो मामले पकड़े थे।
दोनों उपभोक्ता मीटर से पूर्व केबिल डालकर घरों को रोशन कर रहे थे। दोनों के मीटर सीज कर चल्थी पुलिस थाने को सौंपे गए थे। आरोपियों के खिलाफ बिजली विभाग ने बिजली अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत चालान काटा है। ईई राजेश कुमार ने बताया कि सूखीढांग के उपभोक्ता बृजमोहन चौड़ाकोटी से जुर्माने के रूप में 70560 रुपये और सिन्याड़ी के रमेश लाल से 8896 रुपये वसूले गए। विभाग का कहना है कि आगे भी संदिग्ध बिजली उपभोक्ताओं पर छापा मारने की चेतावनी दी है।