चंपावत। मानेश्वर के जंगल में रविवार रात को लगी आग बुझाने के बाद देर रात फिर से आग धधकी लेकिन वन कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंच आग पर काबू पाकर वन संपदा को नुकसान होने से बचा लिया। वहीं मानेश्वर क्षेत्र में एक हेक्टेयर से अधिक वन संपदा को नुकसान हुआ है। 15 फरवरी से शुरू फायर सीजन में यह जंगल में आग लगने की पहली वारदात है।
इधर प्रभागीय वनाधिकारी कुबेर सिंह बिष्ट ने बताया कि दावाग्रि से बचाव के लिए महकमे ने हर मुमकिन प्रयास किए हैं। 55 क्रू स्टेशनों के अलावा 110 फायरवॉचर रखे गए हैं। जिले के सभी आठ रेंजों में नियंत्रण कक्ष बनाने के अलावा डीएफओ कार्यालय मेें मास्टर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वन विभाग ने दावाग्नि से बचाव के लिए इस बार उच्चाधिकारियों से 1.22 करोड़ रुपये की मांग की है।