लोहाघाट (चंपावत)। डेटा डायरी और दैनिक डायरी भरने के लिए दबाव बनाए जाने पर बाराकोट और लोहाघाट विकासखंडों के विभिन्न स्थानों से आए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने महीने में चार बार बुलाने के बावजूद यात्रा भत्ता न देने, दिन के खाने की व्यवस्था न करने पर नाराजगी जताई। कहा कि यही हालात रहे तो वे सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।
बीएलओ बनाए गए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि बीएलओ को डेटा डायरी और दैनिक डायरी भरने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। महीने में चार बार तहसील बुलाया जाता है, मगर इसके एवज में प्रतिमाह मात्र 500 रुपये दिए जा रहे हैं। जबकि इससे चार गुने से भी अधिक खर्च हो जाता है। उन्होंने दो हजार रुपये मासिक मानदेय देने के साथ माह में एक बार बुलाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में सुनीता, भागीरथी राय, अनीता जोशी, समीना बानू, सीता लुंठी, पुष्पा पांडेय, रैना तिवारी, हरिप्रिया, कमला पंत, भावना विश्वकर्मा, देवकी देवी, प्रेमा जोशी, जानकी देवी आदि शामिल थे।