चंपावत। जिले में आधा दर्जन से अधिक विभागों का नवंबर का वेतन रिलीज नहीं हो सका है। इसकी वजह इन विभागों द्वारा कोषागार को जरूरी प्रमाणपत्र नहीं देना है।
जिलाधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय ने 4 नवंबर को सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को शालीन वेशभूषा पहनने, डेली डायरी, डेटा रखने सहित कार्यक्षमता मेें सुधार करने के कई निर्देश जारी किए थे। साथ ही कोषाध्यक्ष को विभागाध्यक्षों को इन आदेशों का प्रमाणपत्र कोषागार में जमा करने के बाद ही वेतन रिलीज करने के निर्देश दिए थे।
प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने की वजह से कृषि, शिक्षा, ग्राम्य विभाग, जलागम, कई स्कूलों सहित कुछ विभागों का नवंबर माह का वेतन रिलीज नहीं हो सका है।
वरिष्ठ कोषाधिकारी हेमेंद्र गंगवार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश का पालन करते हुए विभागीय प्रमाणपत्र नहीं आने वाले विभागों का वेतन रिलीज नहीं किया गया है। वहीं संबंधित विभागाध्यक्षों का कहना है कि प्रमाणपत्र जमा करने की कार्रवाई की जा रही है।