चंपावत। जिला मुख्यालय में जल्द ही कूर्म सरोवर और डिप्टेश्वर झील का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से की गई घोषणाओं पर सचिव अमित नेगी ने शासनादेश जारी कर दिया है। निर्माण के लिए टोकन मनी के रूप में सिंचाई विभाग को 37.08 लाख रुपये की धनराशि की पहली किस्त जारी कर दी गई है।
विधायक कैलाश गहतोड़ी ने बताया कि शासन की ओर से चंपावत के सिमल्टा में प्रस्तावित कूर्म सरोवर झील के लिए परियोजना गठन से पूर्व प्रारंभिक सर्वेक्षण और भूगर्भीय रिपोर्ट तैयार करने के लिए 16.55 लाख रुपये, डिप्टेश्वर झील निर्माण के लिए 20.53 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। कूर्म सरोवर और डिप्टेश्वर झील निर्माण के बाद जिला मुख्यालय की पेयजल, सिंचाई समस्याओं का समाधान हो सकेगा। उधर, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अखिलेश सिंह ने बताया कि जल्द ही दोनों स्थानों पर झील निर्माण के लिए भू गर्भीय रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जताई खुशी
चंपावत। जिला मुख्यालय में डिप्टेश्वर झील और कूर्म सरोवर निर्माण संबंधी शासनादेश जारी होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और मिष्ठान वितरित कर खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने मोटर स्टेशन में आतिशबाजी की जिसमें जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर दत्त पांडेय, श्याम नारायण पांडेय, नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी, मोहन अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत, नारायण गड़कोटी, हरीश पांडेय, अंबादत्त फुलारा, गिरीश जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष पारस महर आदि ने विधायक कैलाश गहतोड़ी का आभार जताया।