चंपावत। जिले में क्षय रोग (टीबी) से निपटने को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के कारण टीबी रोगियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। जबकि बलगम जांच कराने वालों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। टीबी रोग पर नियंत्रण रखने के लिए पूर्व में चलाए गए डायरेक्टली आब्जवर्ड ट्रीटमेंट विद् शार्ट कोर्स (डाट्स) के तहत रोगियों को दवाएं देने के स्थान पर अब प्रतिदिन रोगियों को डाक्टरों की निगरानी में दवाएं दी जा रही हैं। चंपावत जिला मुख्यालय में वर्ष 2004 में क्षय नियंत्रण केंद्र खोला गया। बीते पांच सालों में जहां बलगम की जांच कराने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ.फरीदउल का कहना है कि चंपावत जिले में बीते पांच वर्षों में कुल 8100 लोगों के बलगम जांच के लिए आए। जिनमें से 1268 रोगियों को पंजीकृत कर 1146 रोगियों का उपचार किया गया। जबकि 122 रोगी अभी उपचाराधीन हैं। उनका कहना है कि टीबी का बैक्टीरिया कई तरीकों से मनुष्य के शरीर में प्रवेश करता है। टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जिसके होने पर रोगी का शरीर कमजोर हो जाता है। उसका वजन कम होने लगता है और थकान महसूस होने लगती है। इसके साथ ही रोगी को खांसी व तेज बुखार भी होने लगता है। बीमारी का प्रभाव रोगी के फेफड़ों, हड्डियों, ग्रंथियों तथा आंतों में कहीं भी देखने को मिल सकता है। इसके बैक्टीरिया इतने सूक्ष्म होते हैं कि एक्सरे के जरिए ही उनकी पहचान की जा सकती है। किसी भी क्षय रोगी के संपर्क में रहने से उसके खांसने, छींकने व थूकने से बैक्टीरिया स्वस्थ व्यक्ति के शरीर में प्रवेश कर जाते हैं।
.
चार स्थानों में है बलगम जांच की सुविधा
चंपावत। जिले में बलगम की जांच की सुविधा चार स्थानों पर उपलब्ध है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा.फरीदउल के अनुसार टनकपुर और लोहाघाट संयुक्त चिकित्सालय, जिला अस्पताल तथा पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बलगम जांच की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा बीते एक वर्ष से जिला अस्पताल में सीडीनॉट मशीन के जरिए बलगम की जांच की जा रही है। अब तक सीडीनॉट मशीन के जरिये 85 रोगियों को चिह्नित किया गया है।
वर्ष कुल बलगम जांच पंजीकृत रोगी, उपचारित रोगी
2013 1397 277 251
2014 1568 252 230
2015 1795 273 252
2016 1791 246 238
2017 1549 220 175
इनसेट........
बीएड प्रशिक्षु आज निकालेेंगे जागरूकता रैली
चंपावत। विश्व टीबी दिवस पर 24 मार्च को जिला मुख्यालय में मां पूर्णागिरि बीएड कालेज के बीएड प्रशिक्षुओं की ओर से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.फरीदउल ने बताया कि मोटर स्टेशन से कालेज तक रैली के पश्चात कालेज परिसर में टीबी रोग को लेकर क्विज और वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।