चंपावत। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती डुंगरासेठी ग्राम पंचायत के लिए सड़क निर्माण को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। बीते दिवस एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने गांव का दौरा कर सड़क निर्माण के लिए नापजोख की और नया एलॉयमेंट तय किया। इस बीच सड़क निर्माण कार्य में रोड़ा लगाने का आरोप लगाते हुए कुछ ग्रामीणों ने ग्रामीण अशोक चौधरी के सामाजिक बहिष्कार का ऐलान किया है।
वहीं ग्रामीण अशोक चौधरी का कहना है कि गांव के चार लोगों के कहने से किसी का सामाजिक बहिष्कार नहीं हो जाता है। गांव में उनके भी कई शुभचिंतक हैं। सड़क निर्माण को लेकर उनका कोई विरोध नहीं है। इससे पूर्व भी वह सड़क निर्माण के लिए अपनी भूमि दे चुके हैं। यदि बेवजह उनके सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया जाता है तो वह संबंधितों के खिलाफ न्यायालय की शरण में जाएंगे।