बनबसा (चंपावत)।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कैंटर वाहन में क्रूरता से रखी गई एक दर्जन से अधिक भैंसें बरामद की हैं। कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भैंसें पर्वतीय क्षेत्र से तस्करी कर लाई जा रही थी, जिन्हें खटीमा में बेचा जाना था।
बृहस्पतिवार रात थानाध्यक्ष मनीष खत्री के निर्देश पर एसआई गोविंद सिंह, एएसआई नैनराम विश्वकर्मा, कांस्टेबल देशराज, उमेश जोशी थाने के पास एनएचएआई पर चेकिंग अभियान पर थे।
इसी बीच टनकपुर की ओर से आ रहे कैंटर (यूके 05 सीए 1487) की तलाशी ली गई तो उसमें 13 भैंसेें रखी मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त कैैंटर में भैंसेें क्रूरता पूर्वक रखी मिली। कैंटर चालक पिथौरागढ़ के विशुन थाना थल निवासी नवीन कुमार पर आईपीसी की धारा 279 के अलावा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 11 घ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा भैंसें किसी की सुपुर्दगी में देकर उनकी देखरेख की जा रही है। बताया गया कि भैंसों की तस्करी के संबंध में टनकपुर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष दीप चंद ने भी पुलिस को सूचना दी थी।