चंपावत। जिले में चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतदाता शिक्षा समिति (इलक्ट्रोल लिट्रेसी क्लब) का गठन कर लिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने बताया है कि स्कूलों एवं ऐसे समुदाय जो औपचारिक शिक्षा प्रणाली से आच्छादित नहीं है के नए मतदाताओं को मतदाता शिक्षा प्रदान करने के लिए इलक्ट्रोल लिट्रेसी क्लब का गठन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता शिक्षा समिति में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे।
डीएम ने बताया कि समिति में डीएम अध्यक्ष, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नोडल अधिकारी के अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, मुख्य जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, व्यवसायिक प्रशिक्षण संस्थाओं के प्रमुख प्रतिनिधि, नेहरू युवा संगठन, राष्ट्रीय साक्षरता मिशन, एनसीसी, एनएसएस, स्टेट बोर्ड, सीबीएसई, आइसीएसई बोर्ड के प्रतिनिधि तथा शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि समिति के सदस्य होंगे।
आयोग के निर्देशों के अनुसार इलक्ट्रोल लिट्रेसी क्लब द्वारा कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों के लिए भावी मतदाता, कालेज, यूनिवर्सिटी, तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों सहित सभी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत युवाओं के लिए नए मतदाता, औपचारिक शिक्षा प्रणाली से अनाच्छादित समुदाय के युवाओं के लिए चुनाव पाठशाला तथा शासकीय अर्द्धशासकीय विभागों, संस्थानों, स्वायत्तशासी निकायों, गैर शासकीय एवं प्राइवेट कार्यालयों, संस्थानों के लिए मतदाता जागरुकता फोरम का गठन कर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को गति प्रदान की जानी है।