चंपावत। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के संविदा कर्मचारियों का बेमियादी कार्य बहिष्कार जारी है। तीन माह से वेतन न मिलने तथा जनवरी माह से एरियर का भुगतान नहीं होने से नाराज बीएसएनएल संविदा कर्मचारी बीते एक सप्ताह से कार्य बहिष्कार पर है। इससे बीएसएनएल के टेलीफोन एक्सचेंज, मोबाइल टावर आदि की सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे चल रही है।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में हुए समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को अब तक न तो नियमित ही किया जा रहा है और न ही जनवरी माह से अब तक एरियर का भुगतान किया गया है। एरियर का भुगतान न होने से कर्मचारियों को आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांगे पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का ऐलान किया है। बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार करने वालों में दुर्गादत्त भट्ट, ललित मोहन, मथुरा दत्त भट्ट, पीतांबर जोशी, घनश्याम जोशी, अमर सिंह फर्त्याल, भीम सिंह, दीपक जोशी, अंबादत्त भट्ट, लीलाधर शर्मा, इश्वरी दत्त, कृपाल चंद्र भट्ट, पुष्कर पलसांई आदि शामिल रहे।