टनकपुर (चंपावत)। एनएचपीसी पावर चैनल (नहर) के सिल्ट इजेक्टर के पास से लापता विचई (मनिहारगोठ) निवासी किशोर अभिषेक गौरव का शव छठे दिन पावर चैनल से बरामद हो गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
विचई निवासी स्व. नरेश प्रसाद का बारह वर्षीय बेटा अभिषेक गौरव पांच दिन पहले गत मंगलवार की शाम दोस्तों के साथ साइकिल लेकर घर से खेलने गया था। लेकिन फिर घर वापस नहीं लौटा। सिल्ट इजेक्टर के समीप पावर चैनल के तटबंध में उसकी साइकिल, कपड़े व चप्पल मिलने से उसके चैनल में डूबने की आशंका जताई जा रही थी। घटना के बाद से पुलिस व स्थानीय तैराकों की टीम उसकी खोज में जुटी थी। रविवार की सुबह अभिषेक का शव एनएचपीसी के फोरवे की जाली में उतराता नजर आया तो वहां तैनात कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल अरूण कुमार वर्मा ने बताया कि शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।