टनकपुर (चंपावत)। जिले के दुर्गम ककनई गांव की एकल पेयजल योजना की लाइन पिछले एक साल से क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण ग्रामीणों को दो किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल लाइन को ठीक करने की मांग को लेकर डीएम समेत कई अधिकारियों, विधायक और सांसद से कई बार गुहार लगा चुके हैं। लेकिन समस्या अपनी जगह बरकरार बनी हुई है।
पूर्व बीडीसी सदस्य जगदीश चंद्र परगाई ने बताया कि पिछले साल 4 जुलाई को हुई बारिश के दौरान हुए भूस्खलन में गांव की 12 किमी लंबी एकल पेयजल योजना की लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। लाईन टूटने से गांव में जलापूर्ति ठप पड़ी है। लाईन टूटते ही आपदा कंट्रोल रूप में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद समस्या को चार बार एसडीएम और चार बार जिलाधिकारी के समक्ष उठाया जा चुका है। क्षेत्रीय सांसद व विधायक से भी क्षतिग्रस्त लाईन को ठीक कराने की गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बाद भी क्षतिग्रस्त लाइन को सुचारु नहीं किया जा सका है। उनका कहना है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी व विभाग की उपेक्षित रवैये से गांव के लोग एक साल से पानी की समस्या झेल रहे हैं। कहा कि जल्द लाईन दुरुस्त नहीं की गई तो ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।