चंपावत। सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को मझेड़ा गांव के कुछ लोगों द्वारा बड़ौली गांव के नागरिकों पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी से भड़के बड़ौली गांव के लोगों ने शनिवार को कोतवाली में शिकायती पत्र दिया। ग्रामीणों ने मझेड़ा गांव के लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
धौन रोड से बड़ौली तक की 6.55 किमी लंबी सड़क में समरेखन विवाद के चलते मझेड़ा और बड़ौली गांव के बीच काफी समय से विवाद है। बृहस्पतिवार को मझेड़ा के कुछ लोग नारेबाजी करते हुए बड़ौली गांव के लोगों पर कथित रूप से एक वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिख रहे थे। इसे लेकर बड़ौली के लोगों ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि इस वीडियो के जरिए बड़ौली गांव की सामाजिक प्रतिष्ठा को चोट लगी है। पत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य भीम दत्त, सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र थ्वाल, बलदेव, चूड़ामणि, गोपाल दत्त, चिंतामणि आदि के हस्ताक्षर हैं। इधर कोतवाल धीरेंद्र कुमार का कहना है कि जांच के बाद जरूरी कार्यवाही की जाएगी। जांच का जिम्मा दरोगा सोनू बोहरा को सौंपा गया है।