टनकपुर (चंपावत)। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने से शनिवार को मां पूर्णागिरि धाम मार्ग बाधित हो गया। करीब चार घंटे बाद यातायात सुचारु होने के बाद फिर मलबा आने से देर शाम तक मार्ग खुल नहीं सका। अलबत्ता लोनिवि की टीम जेसीबी की मदद से मार्ग खोलने में जुटी थी। वहीं, दोनों ओर वाहन फंसे हैं, जबकि यात्रियों ने बाधित हिस्से पर जोखिम उठाकर पैदल आवाजाही की।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे हनुमान चट्टी में ज्वाला मंदिर के पास दरक रही पहाड़ी का मलबा अचानक सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस वक्त वहां से कोई वाहन या यात्री नहीं गुजर रहा था, वर्ना मलबे की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ यात्री फंसे रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय की सूचना पर लोनिवि की टीम मौके पर पहुंची।
एई एपीएस बिष्ट के मुताबिक जेसीबी से मलबा हटाकर करीब एक बजे यातायात सुचारु कर दिया गया था, लेकिन डेढ़ बजे फिर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। उन्होंने बताया कि मार्ग पर पहाड़ी का भारी-भरकम पत्थर गिरने और पहाड़ी से रुक-रुक कर मलबा मलवा गिरने से सड़क खोलने के काम में व्यवधान हो रहा है। खबर लिखे जाने तक मार्ग नहीं खुल सका था। कई यात्रियों के वाहन पूर्णागिरि धाम की ओर फंसे हैं, जबकि पैदल आवाजाही का जोखिम उठाकर यात्री किसी तरह आर-पार निकले।