चंपावत। स्वीकृति के तीन साल बाद भी सीमांत क्षेत्र तल्लादेश के ग्रामीण सड़क सुविधा से वंचित है। सड़क के अभाव से परेशान ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को एसडीएम सीमा विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क जल्द बनाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा कि तल्लादेश मिटटीखाल से सौराई तक 2015 में रोड स्वीकृत हुई थी। उसके बावजूद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। सौराई के क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश सिंह बोहरा ने कहा कि 10 किमी सड़क को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर चुके हैं।
उसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। सड़क नहीं होने से हरतोला, सौराई, पियानी, बुडसाल, भनार, खेत, मुकसौन के ग्रामीणों को आठ से दस किमी पैदल सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीण जगदीश सिंह ने बताया कि सड़क नहीं होने से लगभग पांच सौ की आबादी प्रभावित हो रही है। वहां पर प्रेम सिंह, नारायणी देवी, चंचल सिंह, सूरज सिंह आदि थे।
मंच-बकोड़ा मोटर मार्ग को लेकर होगा आंदोलन
चंपावत। सीमांत क्षेत्र में मंच-बकोड़ा मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मंच-बकोड़ा मोटर मार्ग के निर्माण की मांग उठाई जा रही है लेकिन किसी भी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता बचन सिंह अधिकारी, बीडीसी सदस्य कैलाश बोहरा की अगुवाई में इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा गया है।