लोहाघाट (चंपावत)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट (सीएचसी) में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
युवा विपिन गोरखा के नेतृत्व में सोमवार को लोहाघाट, पाटी, बाराकोट आदि स्थानों से बड़ी संख्या में यहां आए लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नारेबाजी की। कहा कि जबतक अस्पताल में रिक्त पड़े डॉक्टर के पद भर नहीं जाते, आंदोलन जारी रहेगा। सीएचसी लोहाघाट में हर रोज करीब 500 रोगी आते हैं। अस्पताल में लंबे समय से हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, निश्चेतक, बाल रोग विशेषज्ञ, एक्सरे तकनीशियन, पैथोलॉजिस्ट, नेत्र विशेषज्ञ आदि न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इलाज के लिए खटीमा, हल्द्वानी, बरेली आदि जाना पड़ता है। अस्पताल मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गया है। सड़कों की खराब हालत और नजदीक में अस्पतालों की अच्छी व्यवस्था न होन के कारण कई रेफर मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। उन्होंने जल्द से जल्द अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती करने की मांग उठाई।
धरने में ये रहे मौजूद
अमित कुमार, निवर्तमान सभासद रमा देवी, बजीर राम, ओंकार धौनी, थपश गोरखा, सौरभ गोरखा, रमेश राम, बसंत राम, कुक्की साह, मदन राम, निमज्ल कुमार, प्रताप राम, शंकर राम, दिनेश कुमार, संदीप, विजय प्रसाद, अमित गोरखा, राज किशोर साह, मनीष थापा, गिरधर राम, लक्ष्मण राम, दीपक राम, अनिल कुमार, गणेश राम, गीतिका देवी, पुष्पा देवी, हेमा थापा, उषा देवी, रीना देवी, मंजू देवी, नंदा देवी, रेवती देवी, ईश्वरी लाल, ममता देवी, देवकी देवी आदि।