चंपावत। डीएम एसएन पांडेय ने शनिवार को विकास भवन के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। डीएम के निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्लूडी) के कर्मचारी चंदन सिंह बिष्ट के आकस्मिक अवकाश या अन्य अवकाश पर जाने के संबंध में सही जानकारी न होने पर प्रधान सहायक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों के पटलों के निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों सहित कर्मचारियों को नेम प्लेट लगाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों को चेताया कि निर्धारित समय पर कार्यालय में पहुंचने को कहा।
उन्होंने पत्रावलियों को व्यवस्थित रखने तथा सभी पत्रावलियों में पेज नंबर अंकित करने के साथ बायोमीट्रिक उपस्थिति मशीन को सही दशा में रखने के निर्देश दिए। डीएम कार्यालय में पूर्व में हुई अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए सभी कार्यालयों में अनिवार्य रूप से सुरक्षा उपाय करने और जरूरी उपकरण लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विकास भवन प्रांगण, सीढ़ियों में पान की पीक तथा बाथरूमों में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी निरीक्षण से पूर्व इस तरह के कृत्यों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने उद्यान, कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, अर्थ एवं संख्या, सहकारिता, पंचस्थानि, ग्रामीण निर्माण विभाग, भेषज विभाग, जिला विकास कार्यालय, बचत विभाग, पंचायतराज कार्यालय, डीआरडीए कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए एचजी भट्ट, जिला विकास अधिकारी आरसी तिवारी आदि मौजूद रहे।