लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट से कनियाना इजड़ा जा रही ऑल्टो के खाई गिर गई। हादसे में नौ यात्री घायल हो गए। घटना के बाद से चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के वक्त ऑल्टो में 10 लोग सवार थे।
प्रभारी थानाध्यक्ष हेमंत कठैत ने बताया कि बृहस्पतिवार दिन करीब ढाई बजे लोहाघाट से सवारियों को लेकर एक ऑल्टो (यूके 03 टीए-0898) बाराकोट होते हुए कनियाना इजड़ा जा रही थी। कनियाना इजड़ा से करीब एक किमी पहले धारैखोली के पास ऑल्टो अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में इजड़ा बाराकोट निवासी प्रहलाद सिंह (70) पुत्र प्रेम सिंह, बैड़ाओड़ा कनियाना निवासी चंचला देवी (40) पत्नी श्याम लाल, कनियाना निवासी पुष्पा देवी (65) पत्नी शंकर लाल, कनियाना निवासी बसंती देवी (65) पत्नी कुंवर राम, कनियाना निवासी कलावती देवी (40) कैलाश राम, कनियाना निवासी शंकर लाल (33) पुत्र किशन राम और उनके पुत्र हिमांशु कुमार, कनियाना निवासी सुंदर राम (38) पुत्र गोपाल राम और उनकी पुत्री खुशबू घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष हेमंत कठैत के नेतृत्व में पुलिस और फायर की रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला। आपातकालीन सेवा 108, फायर ब्रिगेड और निजी वाहन से घायलों को अस्पताल लाया गया। डॉ. रविंद्र बोहरा और डॉ. जितेंद्र जोशी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल प्रहलाद सिंह, बसंती देवी और कलावती देवी को प्राथमिक उपाचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उधर, पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक परी उर्फ प्रकाश राम मौके से फरार है। ब्लॉक प्रमुख निर्मल माहरा ने सीएमओ को फोन कर घायलों को बेहतर उपचार देने को कहा।