चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) में बारहमासी सड़क की कटिंग में दिनभर में कई बार लग रहे जाम से लोग बेहाल हैं। इस मार्ग पर आवाजाही कर रहे यात्रियों को जाम के चलते काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शनिवार को भी इस मार्ग पर जगह-जगह पर कई बार जाम लगा। इससे यात्री खासे परेशान रहे।
बारहमासी सड़क की कटिंग की वजह से टनकपुर से चंपावत के बीच 75 किलोमीटर का सफर पूरा करने में ढाई घंटे के बजाय चार घंटे से अधिक समय लग रहा है। यही स्थितियां चंपावत से पिथौरागढ़ के बीच में बनी हुई हैं। शनिवार को सूखीढांग, सिन्याड़ी, स्वांला, धौन में कई बार 10 मिनट से 40 मिनट तक जाम लगा। मगर सबसे ज्यादा परेशानी चल्थी पुल के पास हुई।
कटिंग के चलते सड़क पर गिरे मलबे की वजह से यहां कई बार 15 से 35 मिनट से अधिक जाम लगा। इसके चलते चंपावत और टनकपुर की तरफ से आ रहे वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं कटिंग के चलते धूल भरे इस मार्ग पर यात्रियों को काफी झेलनी पड़ रही है। इधर एनएच खंड के अधिकारियों का कहना है कि काम करा रहे ठेकेदारों को कटिंग के दौरान आवाजाही को देर तक बाधित न करने की हिदायत दी गई है। शिकायत मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।