टनकपुर (चंपावत)। स्नानघाट पर तैनात जल पुलिस के तैराक दल ने एटा के महाराणा प्रताप नगर निवासी एसपी सक्सेना के पुत्र आशुतोष सरन (35) और उसके छोटा भाई कार्तिकेय (19) को शारदा में डूबने से बचा लिया। यह दोनों मंगलवार को मां पूर्णागिरि के दर्शन के उपरांत शारदा घाट पर स्नान कर रहे थे।
नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों भाई डूबने लगे। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर घाट पर तैनात जल पुलिस के तैराकों ने नदी में छलांग लगाकर दोनों भाइयों को डूबने से बचा लिया। जल पुलिस के तैराक दल में राकेश गिरी, रविंद्र कुमार उर्फ पहलवान एवं गौरव दुर्गापाल शामिल थे।