चंपावत में राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने बारहमासी सड़क को टनकपुर से पिथौरागढ़ से आगे लिपुलेख तक बढ़ाने की जरूरत बताई। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग को 1962 से पूर्व की तरह टनकपुर-चंपावत-पिथौरागढ़ से शुरू कराई जाए। शुक्रवार को यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि गोपनीयता की आड़ में केंद्र सरकार राफेल लड़ाकू विमान सौदे में गड़बड़ झाला कर रही है। यूपीए सरकार के दौरान हुए करार को खारिज कर एनडीए सरकार ने अधिक कीमत में सौदा कर घोटाला किया है।
टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार इस सौदे के प्रावधानों को सार्वजनिक करे। लोकसभा और राज्यों की विधानसभा चुनावों के एक साथ कराए जाने को व्यावहारिक तौर पर कठिन और संसदीय व्यवस्था को राष्ट्रपति शासन की ओर ले जाने वाला कदम बताया। आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार गरीबों के हित में काम करने का प्रचार तो खूब कर रही है, मगर सरकारी सस्ता गल्ले के राशन में कटौती सहित अनेकों गरीबों से जुड़ी योजनाओं को बंद कर गरीबों पर चोट की है। वार्ता में पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. महेश ढेक मौजूद थे।