टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मार्ग से लगे गांवों के ग्रामीण हाथियों के आतंक से परेशान हैं। आए दिन हाथियों के झुंड किसानों की खेतों में खड़ी गेहूं की फसल रौंदकर नष्ट कर रहे हैं। मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने एक आंगनबाड़ी केंद्र समेत सात ग्रामीणों की दस बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
पूर्णागिरि मार्ग से लगे गांवों नयागोठ, नायकगोठ, थ्वालखेड़ा, खेतखेड़ा, गैंड़ाखाली और उचौलीगोठ में आए दिन जंगल से आए हाथियों का झुंड किसानों की मेहनत पर पानी फेर देते हैं। मंगलवार रात उचौलीगोठ गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का दरवाजा तोड़कर हाथियों ने उसमें रखा सामान तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा थ्वालखेड़ा और खेतखेड़ा गांव में हाथियों के झुंड ने ग्रामीण पुष्कर दत्त जोशी, गंगादत्त, फतेह सिंह बोरा, भीम सिंह, बहादुर सिंह, प्रकाश नेगी, देव सिंह की कुल दस बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। उचौलीगोठ के प्रधान सुरेश सिंह महर ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। थ्वालखेड़ा के प्रधान सुंदर सिंह बोरा ने वन विभाग से ग्रामीणों के नुकसान के एवज में उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।