चंपावत। पीआरडी जवान द्वारा पर्यावरण मित्रों से अभद्रता से किए जाने के विरोध में पर्यावरण मित्रों ने रविवार को अपरान्ह तक कूड़ा नहीं उठाया। इससे शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए। बाद में पीआरडी जवान द्वारा खेद जताने पर पर्यावरण मित्रों ने कूड़ा उठाना शुरू कर दिया।
शनिवार की देर शाम पर्यावरण मित्र मनोज पंवार, अनिल कुमार, रामविलास, दीपक और सचिन अलाव जलाने के लिए लकड़ियां लेकर पूल्ड आवास गए थे। इसी दौरान पीआरडी जवान देवराम का लकड़ियों को लेकर पर्यावरण मित्रों से विवाद हो गया। पर्यावरण मित्रों ने देवराम पर अभद्रता का आरोप लगाया। रविवार को सुबह घटना की जानकारी पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी को दी।
रविवार को पर्यावरण मित्रों ने शहर में सफाई तो की, लेकिन जगह-जगह पर एकत्रित किए गए कूड़े को नहीं उठाया। बाद में स्वच्छकार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में राजेंद्र कुमार, हर प्रकाश, राकेश, अर्जुन, रोहित, विपिन, नितिन, उमेश, सोनू, संजय और सुधीर आदि ने कोतवाल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाल सलाउद्दीन खान ने बताया कि अपरान्ह में पीआरडी जवान देवराम ने घटना पर खेद जताया। जिसके बाद पर्यावरण मित्रों ने कूड़ा उठाना शुरू किया।