अमर उजाला ब्यूरो
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट ब्लॉक के जीआईसी कर्णकरायत के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पूरण फर्त्याल और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने किया। उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत व वंदना प्रस्तुत की। इस मौके पर शेर सिंह देव ने हाइस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंजलि मुरारी और इंटरमीडिएट में पहला स्थान प्राप्त करने वाले रोहित मुरारी और अनिल कुमार को चार-चार हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा भौतिक विज्ञान प्रवक्ता संजय कुमार मिश्र ने भी मेधावी छात्र रोहित मुरारी को अपनी ओर से पांच हजार रुपये के पुरस्कार के अलावा अन्य छात्र-छात्राओं को उपयोगी पुस्तकें भी दी। शिक्षिका मेनका वर्मा और मंजू विश्वकर्मा के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संचालन एसबी लाल और किशोर जोशी ने किया। राजकीय शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष पान सिंह मेहता, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, प्रकाश गिरि गोस्वामी, गिरिजानंदन पांडेय, जगमोहन पांडेय, जगदीश जोशी, महेश, लक्ष्मी देवी आदि मौजूद थे।