अमर उजाला ब्यूरो
टनकपुर (चंपावत)। संयुक्त चिकित्सालय में तैनात दो नेत्र मितिज्ञों में से एक के भी ड्यूटी पर न होने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में तैनात किए गए नए नेत्र मितिज्ञ ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शारीरिक रूप से अक्षमता के कारण जहां मेडिकल अवकाश लिया है। पहले से तैनात नेत्र मितिज्ञ भी अवकाश पर चला गया है। अस्पताल की इस अव्यवस्था से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक के माध्यम से सीएमओ को ज्ञापन भेजकर शीघ्र नेत्र मितिज्ञ की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा गया है कि अस्पताल में नेत्र मितिज्ञ के न होने से लोगों को आंखों की जांच कराने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस बनाने में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा है कि अस्पताल में नवनियुक्त नेत्र मितिज्ञ का कार्यभार ग्रहण करने के बाद से अस्पताल में ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। जबकि पहले से यहां तैनात नेत्र मितिज्ञ भी अवकाश पर चला गया है। नेत्र मितिज्ञ के न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जिले के दुर्गम क्षेत्रों से ड्राइविंग बनाने के लिए आ रहे लोगों के मेडिकल प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाने से खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। वहीं अस्पताल को भी मेडिकल शुल्क के रूप में राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सीएमओ से शीघ्र अस्पताल में नेत्र मितिज्ञ की व्यवस्था करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में भाजपा नगर अध्यक्ष दिनेश प्रजापति, मो. आसिफ, कमलेश पांडेय, आनंद कुमार मौर्य, नारायण सिंह गैंड़ा, लक्ष्मी शर्मा, राजेश सपरा, सुकुमार राय, प्रभु सिंह, सुभाष सिंह, निगम गुप्ता आदि शामिल थे।
कोट.....
अस्पताल में तैनात नवनियुक्त नेत्र मितिज्ञ अरविंद शुक्ला सड़क दुर्घटना में घायल होने से अस्वस्थ हैं। कार्यभार संभालने के बाद उसने मेडिकल अवकाश लिया है। जबकि निवर्तमान नेत्र मितिज्ञ राजवीर कार्यमुक्त होने से पहले से ही अवकाश पर है। - डॉ. एचएस ह्यांकी, चिकित्सा अधीक्षक संयुक्त चिकित्सालय,