बनबसा (चंपावत)। रेलवे विभाग के गलत निर्णय से भजनपुर ग्रामसभा के बनखेत के ग्रामीणों में रोष है। बरसात में सड़क पर केबल तलाशने को किए गए गड्ढे से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द सड़क पर गिट्टी न बिछाने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
रेलवे के ब्राडगेज निर्माण के साथ ही भजनपुर स्थित मानव रहित क्रासिंग बंद कर दिया गया। उसकी जगह रेलवे बनखेत से फागपुर संपर्क मार्ग तक सड़क का निर्माण करा रही है। सड़क निर्माण में मिट्टी भरान और गिट्टियों के भरन के बाद रोलर तक चला दिया गया। लेकिन इस कार्य के लंबे समय बाद रेलवे ने अपनी केबल तलाशने को जेसीबी से कई जगहों पर गड्ढे कर दिए।
ग्रामीणों के कहने के बाद गड्ढों पर गिट्टियां नही बिछाई गई और मिट्टी डाल दी गई। बारिश होने पर यहां कीचड़ होने से वाहन फंस रहे हैं। फिसलन से कई बाइक और साइकिल सवार चोटिल हो चुके हैं। बता दें कि इस सड़क कार्य में रेलवे ठेेकेदार ने अनियमितता बरती है। मानकों के तहत कार्य नही किया गया है। भजनपुर के ग्रामप्रधान ने प्रशासन समेत रेलवे के अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की थी। भजनपुर स्थित सड़क निर्माण में अंबेडकर ग्राम फागपुर से मिट्टी उठाकर डाली गई है।