चंपावत।
पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए डॉक्टरों को भेजने के शासन के आदेश भी कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। तीन सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद तीन डॉक्टर पहाड़ नहीं पहुंच सके हैं। विभाग ने इस आशय की जानकारी निदेशालय भेज दी है।
चंपावत जिले में नौ डॉक्टरों के स्थानांतरण के 20 जून को आदेश हुए थे, लेकिन तीन डॉक्टर अब तक यहां नहीं पहुंच सके हैं।
ऋषिकेश के फिजीशियन डा.एमके सैनी को चंपावत जिला अस्पताल और टनकपुर संयुक्त अस्पताल के डा.दीपक गहतोड़ी, पैथोलॉजिस्ट डा.ज्योति प्रकाश नौटियाल को लोहाघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, लेकिन इन डॉक्टरों ने अब तक चार्ज नहीं लिया है। चंपावत जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डा.आरके जोशी और लोहाघाट के सीएमएस डा.मंजीत सिंह ने इन डॉक्टरों के कार्यभार ग्रहण नहीं करने की जानकारी सीएमओ को दी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एमएस बोहरा का कहना है कि कार्यभार ग्रहण नहीं करने की जानकारी निदेशालय भेजी गई है।
चंपावत में अस्थि रोग विशेषज्ञ डा.एचएस ऐरी, लोहाघाट में अस्थि रोग विशेषज्ञ डा.वीके जोशी, सर्जन डा.प्रभा जोशी, निश्चेतक डा.अभिलाषा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.सोनाली मंडल और रेडियोलॉजिस्ट डा.एलएम रखोलिया ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ अवकाश पर
चंपावत। मुख्य चिकित्साधीक्षक डा.आरके जोशी ने बताया कि अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ 14 अगस्त तक बाल देखरेख अवकाश (सीसीएल) में हैं। इस अवधि में महिला चिकित्सक दूसरे अस्पताल से संबद्ध करने के लिए मुख्य चिकित्साधीक्षक से आग्रह किया गया है। दूसरे अस्पतालों से 15 दिन के लिए महिला डॉक्टर को संबद्ध किया गया है। वहीं सीएमओ डा.एमएस बोहरा ने जिला अस्पताल में तैनात तीन में से एक दंत रोग विशेषज्ञ को लोहाघाट अस्पताल संबद्ध किया है।