टनकपुर (चंपावत)। मंत्री बनने के बाद पहली बार नगर में आगमन पर प्रदेश के वित्त एवं पेयजल मंत्री प्रकाश पंत का क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री ने प्रकाश पंत ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली और लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर काम करने का आह्वान किया। कहा कि कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने का काम करें।
लोनिवि विश्राम गृह में वित्त मंत्री ने कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि राज्य के विकास में सरकार बेहतर काम कर रही है। बेरोजगारी और पलायन रोकने को लेकर सरकार गंभीर है। इसके लिए सरकार ने योजना बनाकर काम भी शुरू कर दिया है। इस दौरान लोगों ने मंत्री के समक्ष समस्याएं भी रखी। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश मुरारी के नेतृत्व में व्यापारी नेताओं ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मंडी टैक्स समाप्त करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को एक टैक्स में बांधने के लिए सरकार ने पूरे देश में सभी टैक्स समाप्त कर जीएसटी टैक्स लगाया है, तो राज्य सरकार को ढाई प्रतिशत मंडी टैक्स क्यों ले रही है। उन्होंने मंत्री से मंडी टैक्स समाप्त करने की मांग की। इस मौके पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, रोहताश अग्रवाल, विद्या जुकरिया, हेमा जोशी, विपिन कुमार, सौरभ गुप्ता, जय चंद, सुनील बाल्मीकि, एडवोकेट विजय शुक्ला आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।