लोहाघाट विकासखंड के सुंई पऊ के चनकांडे गांव में आतिशबाजी के कारण घास के 6 लुट्टों में आग लग गई। जिससे चलते सारी घास जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची अग्रिशमन, पुलिस व ग्रामीणों की मदद से चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग से आवासीय भवनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
शुक्रवार रात को करीब 7.15 बजे आसमान से रॉकेट आकर चनकांडे गांव निवासी रेवती सगटा पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद्र के घास के लुट्टे में जा गिरा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसमें रेवती देवी के चार और तुलसी पांडेय पत्नी शेखर चंद्र पांडेय के दो लुट्टे राख हो गए। घास के लुट्टों में लगी आग के कारण गांव में रोशनी के साथ धुंआ फैल गया। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों ने मौके में पहुंचकर आग बुझाने में हाथ बंटाया। आग इतनी विकराल थी कि इसे बुझाने में ग्रामीणों का कोई बस नहीं चल पाया।
सूचना मिलने पर अग्रिशमन की टीम भी मौके पर पहुंची। अग्रिशमन कर्मियों ने पुलिस व ग्रामीणों के साथ मिलकर चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्नि कांड से रेवती देवी को 35 हजार और तुलसी देवी को 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग बुझाने में ग्रामीण पूरन पांडेय, माया सगटा, तुलसी पांडेय, दयाकिशन सगटा, उमेश पांडेय, शेखर पांडेय, विपिन पांडेय, राजू सगटा, पूरन पांडेय आदि ग्रामीणों ने सहयोग किया। ग्रामीणों ने प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है।
अग्निशमन के वाहन को रास्ता न देने पर वाहन को सीज किया
लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस ने अग्रिशमन की गाड़ी को रोकने के आरोप में एक वाहन पर कार्यवाही की है। नशे में धुत वाहन चालक के खिलाफ एमवी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के साथ वाहन को सीज कर दिया है। साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निरस्त करने की सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को संस्तुति की गई है।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 8.15 बजे सुंई पऊ गांव में आग लगने की सूचना मिलने पर फायरब्रिगेड का वाहन चांदमारी होते हुए सुंई गांव की ओर जा रहा था।
इसी दौरान ग्रामीण बैंक की पाटन शाखा के नजदीक नशे में धुत्त चालक दिलीप सिंह बोहरा ने बीच सड़क में अपना वाहन खड़ा कर सड़क में अवरोध पैदा कर दिया। सड़क से वाहन हटाने को कहने पर भी नशेड़ी चालक ने सड़क से वाहन नहीं हटाया। सूचना मिलने पर मौके में पहुंच थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल चालक को गिरफ्तार कर थाने लाए। एसओ ने बताया कि चालक का मेडिकल कराने के बाद एमवी एक्ट में चालान करने के साथ वाहन सीज कर दिया गया है। जबकि चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की एआरटीओ को संस्तुति भेजी गई है। एसओ ने बताया कि देर रात आरोपी चालक को जमानत में छोड़ दिया गया।