टनकपुर (चंपावत)। सरस्वती शिशु मंदिर की प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसमें कुमाऊं भर के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के 175 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ शुक्रवार शाम विद्यालय प्रांगण में मुख्य अतिथि संभाग प्रमुख कैलाश थपलियाल और रंदीप पोखरिया ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया।
मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि शनिवार सुबह से स्टेडियम में बौद्धिक और विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर संभाग के 175 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
खिलाड़ियों के आवासीय और भोजन की व्यवस्था मेजबान विद्यालय ने की है। इस मौके पर प्रदेश निरीक्षक कृष्णानंद चौबे, पिथौरागढ़ संभाग निरीक्षक ईश्वरी दत्त जोशी, नैनीताल संभाग निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान, अल्मोड़ा संभाग निरीक्षक आलम सिंह उनियाल, क्रीड़ा अधिकारी गिरीश चंद्र सोराड़ी, कुंदन सिंह कार्की, किशोर जोशी आदि थे।