बनबसा (चंपावत)। कांवड़ यात्रियों को रोकने और सीआईएसएफ कर्मियों पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने थाने में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मोनू ठाकुर के नेतृत्व में थाने पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि 15 अगस्त को बनबसा के व्यापारियों की कांवड़ यात्रा टनकपुर से जल लेकर एनएचपीसी की पावर चैनल के रास्ते फागपुर गेट पहुंची। आरोप लगाया कि वहां तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के दो कर्मियों ने गेट नहीं खोला और एनएचपीसी परिसर से जाने से मना किया।
व्यापारियों ने उक्त दोनों सीआईएसएफ कर्मियों पर कांवड़ियों पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया। ज्ञापन देने वालों में संजय अग्रवाल, मनोज मित्तल, पवन अग्रवाल, शुभम रावत, प्रदीप सिंह, हर्षित सक्सेना, संजय महरा, रोहित प्रजापति आदि शामिल थे।
उधर, सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट बीएस बिष्ट ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के तहत अन्य दिनों की अपेक्षा सुरक्षा के अधिक कड़े प्रबंध किए गए थे। फागपुर गेट पर तैनात कर्मियों की सूचना पर व्यापारियों की कांवड़ यात्रा के लिए गेट खोला गया था। उन्होंने सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा किसी पर भी अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप को नकार दिया।