चंपावत। उत्तराखंड आउटसोर्स यूनियन की जिला इकाई ने श्रमिकों की कार्य अवधि बढ़ाए जाने की मांग को लेकर सोमवार से कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। आंदोलनरत आउटसोर्स कर्मियों ने अनुबंध की अवधि न बढ़ाए जाने की सूरत में 15 अगस्त को आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी।
उन्होंने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा कि लोनिवि लोहाघाट की ओर से विभिन्न राजमार्गों में रखरखाव, अनुरक्षण के कार्यों में लगाए गए आउटसोर्स कर्मियों को केवल छह माह के लिए नियोजित किया गया है। जबकि लोनिवि की शासनादेश में यह अवधि एक साल होने का स्पष्ट उल्लेख है।
उन्होंने कार्य अवधि शासनादेश के अनुसार एक वर्ष करने, रोटेशन के अनुसार कर्मियों का नवीनीकरण किए जाने, श्रम विभाग में पंजीकरण कराने, सेवा नियमावली बनाए जाने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया। वहां पर हरीश चंद्र शर्मा, नंदकिशोर, चंद्रशेखर, कैलाश राम, सुरेंद्र नाथ, देव सिंह, दीपक कुमार, पूरन नाथ, लक्ष्मण सिंह, लक्ष्मण नाथ, जितेंद्र कुमार, चंद्र मोहन भंडारी, रुद्र सिंह, उमेश कुमार, राजेंद्र राम आदि थे।